अनुक्रम
समन्वय की परिभाषा
कुन्टज तथा ओडोनेल (Koontz and O’Donell) के अनुसार, ‘‘समन्वय समूह लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु व्यक्तिगत प्रयत्नों में सामंजस्य स्थापित करने के लिए प्रबन्ध का सार है।’’
मूने तथा रेले (Mooney and Reiley) के अनुसार, ‘‘किसी सामान्य उद्देश्य की पूर्ति हेतु की जाने वाली क्रियाओं में एकता बनाये रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की सुव्यवस्था को समन्वय कहते हैं।’’
टीड (Tead) के अनुसार, ‘‘समन्वय किसी संगठन के समस्त विभिन्न साधक अंगों के कार्यों एवं शक्तियों के सुचारू रूप से संचालन हेतु प्रयास है जिसका उद्देश्य यह होगा कि लक्ष्यों की पूर्ति न्यूनतम फूट और अधिकतम सहयोगात्मक प्रभाव पूर्णता के साथ हो सके।’’
हेनरी फेयोल (Henri Fayol) के अनुसार, ‘‘किसी प्रतिष्ठान के कार्य संचालन को सुविधाजनक एवं सफल बनाने के लिए उसकी समस्त क्रियाओं में सामंजस्य स्थापित करना ही समन्वय है।’’
मेक फारलैण्ड (Mc Farland) के अनुसार ‘‘समन्वय एक वह प्रक्रिया है जिसके माध्यम से एक कार्यकारी (Executive) अपने अधीनस्थ के सामूहिक प्रयासों में एक सुव्यवस्थित स्वरूप का विकास करता है और सामान्य उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु क्रियाओं में एक रूपता लाता है।’’
हैमेन (Haimann) के अनुसार, ‘‘समन्वय किसी क्रिया को उचित राशि, समय एवं निष्पादन की किस्म प्रदान करने हेतु अधीनस्थों के प्रयासों की क्रमानुसार संयोजन (Orderly Synchronizing) है ताकि उनके संयुक्त निर्धारित उद्देश्य अर्थात् उपक्रम के सामान्य लक्ष्य की ओर अग्रसर हो सके।’’
ब्र्रेच (Brech) के अनुसार, ‘‘समन्वय से आशय विभिन्न सदस्यों में क्रियाशील क्रियाओं (Working activities) का उपयुक्त आवंटन करके तथा यह निश्चय करके कि सदस्य उन क्रियाओं को सदभावनापूर्वक कर रहे हैं संगठन में सन्तुलन एवं समूह भावना बनाये रखना है।’’
जार्ज आर. टेरी (George R. Terry) के अनुसार, ‘‘समन्वय निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु प्रयासों का क्रमानुसार संयोजन (Synchronization) है जिससे निष्पादन की उपयुक्त मात्रा, समय और निर्देशन से क्रियाओं में सामंजस्य एवं एकता स्थापित हो जाय।’’
कून्ट्ज एवं ओडोनेल, समन्वय निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए व्यक्तिगत प्रयासों में सामंजस्य स्थापित करने के लिए प्रबन्ध का सार है।
जेम्स डी. मूने, समन्वय प्रबन्ध का एक महत्वपूर्ण कार्य है तथा संगठन का एक प्रथम सिद्धान्त है। लेकिन इसका तात्पर्य यह नहीं है कि अन्य कोई सहायक सिद्धान्त नहीं है। इसका तो साधारण अर्थ यह है कि शेष सभी सिद्धान्त समन्वय में शामिल हैं।
थियो हेमेन, समन्वयक प्रबन्ध की पृथक और भिन्न क्रिया नहीं है। यह तो अन्य सभी प्रबन्धकीय कार्यों जैसे नियोजन, संगठन, कर्मचारियों की नियुक्ति, निर्देशन ओर नियंत्रण का एक अंग है।
न्युमेन, समन्वय प्रबन्ध की एक पृथक और अविच्छिन्न क्रिया नहीं है क्योंकि यह प्रशासन के विभिन्न स्वरूपों का एक अंग है।
आर.सी.डेविस, समन्वय नियंत्रण का एक व्यापक साधन या रूप है। पीटरसन एवं प्लोमेन, समन्वय उच्च प्रबन्ध का एक अविच्छिन्न कार्य (Distinctive task) है।
हेनेरी फियोल, समन्वय प्रबन्ध का एक कार्य है।
जार्ज आर. टेरी, समन्वय को प्रबन्ध का आधारभूत कार्य मानना भूल होगी। इस दृष्टि से समन्वय का सम्बन्ध नियोजन, संगठन, निर्देशन और नियंत्रण के साधनों से है। अत: इन चारों कार्यों का उचित क्रियान्वयन समन्वय की प्राप्ति के लिए आवश्यक है।
समन्वय की विशेषताएं
- समन्वय सामूहिक प्रयासों को एकत्रित रखता है- समन्वय विभिन्न व्यवसायिक गतिविधयों में एकता लाकर उन्हें उद्देश्यपूर्ण गतिविधि के रूप में सामान्य लक्ष्य की ओर अग्रसर करता है।
- प्रयासों की एकात्मकता को सुनिश्चित करता है : समन्वय व्यक्तियों के प्रयासों म एकता लाता है तथा विभिन्न विभागों को जोड़ने की शक्ति का कार्य करता है।
- सतत् प्रक्रिया है : समन्वय एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया।
- सभी प्रबन्ध का उत्तरदायित्व है : समन्वय प्रत्येक प्रबंधक का कार्य है। सभी स्तर के प्रबंधकों को समन्वय कार्य करना पड़ता है।
- एक व्यापक कार्य है: विभिन्न विभागों की क्रियाएँ प्रकृति से एक दूसरे पर निर्भर करती हैं, इसलिए समन्वय की आवश्यकता प्रबंध के सभी स्तरों पर होती है।
- एक ऐच्छिक कार्य है : एक संगठन में सदस्य स्वेच्छा से एक दूसरे से सहयोग करत हैं।
समन्वय के सिद्धांत
समन्वय के सिद्धांत का प्रतिपादन किया है-
- प्रत्यक्ष सम्पर्क
- प्रारम्भिक स्थिति में समन्वय
- पारस्परिक सम्बन्ध
- निरन्तरता
- गतिशीलता
- आत्म समन्वय
- समय सिद्धांत
1. प्रत्यक्ष सम्पर्क – समन्वय का यह सिद्धान्त इस बात पर बल देता है कि एक उपक्रम में समन्वय की स्थापना व्यक्तियों में व्यक्तिगत और समतल सम्बन्धों द्वारा ही होनी चाहिए। व्यक्तियों के मध्य विचारों, आदर्शों एवं लक्ष्यों का प्रत्यक्ष व्यक्तिगत सम्प्रेषण द्वारा आसानी से आदान प्रदान किया जा सकता है। और सामान्य एवं व्यक्तिगत लक्ष्यों की प्राप्ति की जा सकती है।