अनुक्रम
भारत में संयुक्त परिवार प्रथा, भूतकाल से चली आ रही है संयुक्त परिवार जिसमें कम से कम 5 से 25 व्यक्तियों का समूह होता है जहाँ परिवार का मुखिया दादा या बड़ा सदस्य होता है। वह परिवार की भलाई के लिए समय-समय पर निर्णय लेते है। और उसका निर्णय मान्य होता है। सब उसका आदर करते है। परिवार के सभी सदस्य मिलजुल कर कार्य करते है।
संयुक्त परिवार ज्यादातर गाँव में रहते है। जहाँ परिवार के पुरुष खेत या व्यापार में मिलकर कार्य करते है वही परिवार की महिलाएं रसोई में मिलकर कार्य करती है। बच्चे जब तक छोटे होते है परिवार पर निर्भर होते है और जैसे-जैसे वह बड़े होते जाते है उनकी निर्भरता परिवार के प्रति कम हो जाती है।
संयुक्त परिवार (जिसे विस्तृत परिवार भी कहा जाता है) एक गृहस्थ समूह है जिसमें माता-पिता, दादा-दादी, चाचा-चाची, भाई-भाभी, चचेरे भाई-बहन तथा अविवाहित भाई-बहन सम्मिलित होते हैं। इस प्रकार, संयुक्त परिवार में कई पीढि़यों के सदस्यों का एक सामान्य निवास-स्थान होता है, वे एक रसोई का पका भोजन करते हैं तथा सामान्य संपत्ति रखते हैं।
संयुक्त परिवार की परिभाषा
के . एम. कपाडिया ने पीढि़यों की गहराई को संयुक्त परिवार का लक्षण माना है। संयुक्त परिवार की पूरी सत्ता मुखिया में केंद्रित होती है जिसे संयुक्त परिवार का कर्ता कहा जाता है। कर्ता ही पूरे परिवार के बारे में सभी प्रकार के निर्णय लेता है। इस अर्थ में भारतीय संयुक्त परिवार को निरंकुश सामाजिक संरचना वाला परिवार भी कहा गया है।
इरावती कर्वे के अनुसार ’’संयुक्त परिवार ऐसे व्यक्तियों का समूह है जो एक ही निवास स्थान में रहते है। एक ही रसोई में बना हुआ भोजन करते है जिनकी सामान्य संपति होती है, जो सामान्य पूजा में भाग लेते है तथा किसी न किसी रक्त से संबंध द्वारा आपस में बंधे होते है।’’
डाॅ. देसाई के अनुसार ’’हम संयुक्त परिवार उस परिवार को कहते है जिसमें एकांकी परिवार की अपेक्षा अधिक पीढि़यों (तीन या तीन से अधिक) के सदस्य एक साथ रहते है। तथा संपत्ति, आय तथा पारस्परिक अधिकारों और दायित्यों के द्वारा परस्पर संबंधित होते है।’’
फेयर चाइल्ड के अनुसार ’’संयुक्त परिवार एक ऐसा सामाजिक समूह है जिसमें अनेक परस्पर संबंधित व्यक्तिगत परिवार हो सकते है। विशेषतः पिता और उसके पुत्र तथा माता और उसकी पुत्रियाँ, जो एक बड़े आवास में रहते है। या छोटे आवासो में एक स्थान पर रहते है।’’
किग्सले डेविस के अनुसार ’’संयुक्त परिवार के अंदर पुरुष, उनके पूर्वज अविवाहित सन्तानें तथा विवाह के द्वारा समूह में सम्मिलित की गयी स्त्रियाँ होती है। ये सभी सदस्य एक ही घर में रहते है या आस-पास के कई घरों में रहते है। इसके सदस्यों से यह आशा की जाती है कि वे अपनी आय एकत्रित करेंगे और उस सम्पूर्ण में से उत्पादन का अपना हिस्सा प्राप्त करेंगे।’’
कर्वे-‘‘एक संयुक्त परिवार उन व्यक्तियों का समूह है जो एक ही छत के नीचे रहते हैं, जो एक रसोई में पका भोजन करते हैं जो सामान्य संपत्ति के अधिकारी होते है, जो सामान्य पूजा में भाग लेते हैं तथा जो परस्पर एक-दूसरे से विशिष्ट नातेदारी से संबंधित हैं।’’
कुछ अन्य (जैसे एपफ.जी.बेली, टी.एन.मदान) संयुक्त सम्पत्ति-स्वामित्व को अधिक महत्व देते हैं, और कुछ (जैसे आई.पी.देसाई) नातेदारों के प्रति दायित्यों को पूरा करने को महत्व देते हैं, भले ही उनके निवास अलग-अलग हों तथा सम्पत्ति में सहस्वामित्व न हो। ‘दायित्व को पूरा करने’ का अर्थ है अपने को परिवार का सदस्य मानना, विनीय और अन्य प्रकार की सहायता देना तथा संयुक्त परिवार के नियमों को मानना।
हिन्दू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 के अनुसार ‘सह सम्पत्ति’ तथा ‘संयुक्त सम्पत्ति’ शब्दों का अर्थ है कि सभी जीवित स्त्री व पुरुष सदस्य तीन पीढ़ियों तक पैतृक सम्पत्ति के हिस्सेदार न ही किसी को दी जा सकती है। इस प्रकार, एक व्यक्ति को अपनी पत्नी, दो पुत्रों, दो पुत्रियों, दो पौत्रों तथा दो पौत्रियों के साथ अपनी सम्पत्ति को अपनी पत्नी व चार बच्चों में बराबर बाटना होगा। पौत्र संतति अपने माता-पिता की सम्पत्ति में से ही हिस्सा लेंगे। पुत्र व पुत्री प्रत्येक की पूर्व मृत्यु पर उनके उत्तराधिकारी एक एक भाग लेंगे।
आई.पी.देसाई मानते हैं कि सह-निवास तथ सह-रसोई को संयुक्त परिवार की परिसीमा के लिए आवश्यक समझना ठीक नहीं है क्योंकि ऐसा करने से संयुक्त परिवार को सामाजिक सम्बन्धों का समुच्चय एवं प्रकार्यात्मक इकाई नहीं माना जायेगा। उनका कहना है कि एक घर के सदस्यों के बीच के आपसी सम्बन्धों तथा अन्य घरों के सदस्यों के साथ सम्बन्धों पर ही परिवार के प्रकार का निर्धारण किया जा सकता है। एकाकी परिवार को संयुक्त परिवार से अलग देखने के लिए भूमिका सम्बन्धों (role relations) के अन्तर को एवं विभिन्न रिश्तेदारों के बीच व्यवहार के मानदंडीय प्रतिमान (normative pattern) को समझना पड़ेगा। उनकी मान्यता है कि जब दो एकाकी परिवार नातेदारी सम्बन्धों के होने पर भी अलग-अलग रहते हों, लेकिन एक ही व्यक्ति के अधिकार क्षेत्र में कार्य करते हों तो वह परिवार संयुक्त परिवार होगा।
उन्होंने इस परिवार को ‘प्रकार्यात्मक संयुक्त परिवार’ (functional joint family) कहा है। आवासीय (residential) संयुक्त परिवार में जब तक तीन या अधिक पीढ़ियां एक साथ न रह रहीं हो तब तक यह परम्परात्मक संयुक्त परिवार नहीं हो सकता। उस के अनुसार दो पीढ़ियों का परिवार ‘सीमान्त संयुक्त परिवार’ (marginal joint family) कहलाएगा। इस प्रकार देसाई ने संयुक्त परिवार के तीन आधार माने हैं: पीढ़ी की गहराई, अधिकार एवं दायित्व, तथा सम्पत्ति।
रामकृष्ण मुखर्जी ने पांच प्रकार के सम्बन्ध बताते हुए, वैवाहिक (conjugal), माता-पिता पुत्र-पुत्री (parentalfilial), भाई-भाई व भाई-बहन (inter-sibling), समरेखीय (lineal), तथा विवाहमूलक (affinal) सम्बन्ध-कहा है कि संयुक्त परिवार वह है जिसके सदस्यों में उपरोक्त पहले तीन सम्बन्धों में से एक या अधिक और या समरेखीय या विवाहमूलक या दोनों सम्बन्ध पाये जाते हैं।
संयुक्त परिवार की प्रमुख विशेषताएं
परम्परागत (संयुक्त) परिवार के कुछ प्रमुख लक्षण हैं:
1. सत्तात्मक संरचना – सत्तात्मकता का यहां अर्थ है कि निर्णय तथा निश्चय करने की शक्ति एक व्यक्ति में होती है जिसकी आज्ञा का पालन बिना चुनौती के होना चाहिए। प्रजातंत्रीय परिवार में सत्ता जबकि एक या एक से अधिक लोगों में निहित होती है जिसका आधार दक्षता और योग्यता होता है, सत्तात्मक परिवार में परम्परा से सत्ता आयु एवं वरिष्ठता के आधार पर सबसे बड़े पुरुष के पास ही होती है।