अनुक्रम
हमारे देश में अनुवाद का महत्त्व प्राचीन काल से ही स्वीकृत है। प्रो. जी. गोपीनाथन ने ठीक ही लक्ष्य किया था कि अनुवाद आज व्यक्ति की सामाजिक आवश्यकता बन गया है। आज के सिमटते हुए संसार में सम्प्रेषण माध्यम के रूप में अनुवाद भी अपना निश्चित योगदान दे रहा है।
अनुवाद की आवश्यकता
बीसवीं शताब्दी में देशों के बीच की दूरियाँ कम होने के परिणामस्वरूप विभिन्न वैचारिक धरातलों और आर्थिक, औद्योगिक स्तरों पर पारस्परिक भाषिक विनिमय बढ़ा है और इस विनिमय के साथ-साथ अनुवाद का प्रयोग और अधिक किया जाने लगा है। आज के वैज्ञानिक युग में अनुवाद बहुत महत्त्वपूर्ण हो गया है। यदि हमें दूसरे देशों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना है तो हमें उनके यहाँ विज्ञान के क्षेत्र में, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी होनी चाहिए और यह जानकारी हमें अनुवाद के माध्यम से मिलती है।
1. राष्ट्रीय एकता में अनुवाद की आवश्यकता
भारत जैसे विशाल राष्ट्र की एकता के प्रसंग मे अनुवाद की आवश्यकता असंदिग्ध है। भारत की भौगोलिक सीमाएँ न केवल कश्मीर से कन्याकुमारी तक बिखरी हुई हैं बल्कि इस विशाल भूखण्ड में विभिन्न विश्वासों एवं सम्प्रदायों के लोग रहते हैं जिनकी भाषाएँ एंव बोलियाँ एक दूसरे से भिन्न हैं। भारत की अनेकता में एकता इन्हीें अर्थों में है कि विभिन्न भाषाओं, विभिन्न जातियों, विभिन्न सम्प्रदायों एवं विभिन्न विश्वासों के देश में भावात्मक एवं राष्ट्रीय एकता कहीं भी बाधित नहीं होती। एक समय में महाराष्ट्र का जो व्यक्ति सोचता है वही हिमाचल का निवासी भी चिन्तन करता है।
2. संस्कृति के विकास में अनुवाद की आवश्यकता
दुनिया के जिन देशों में विभिन्न जातियों एवं संस्कृतियों का मिलन हुआ है वहाँ सामासिक संस्कृति के निर्माण में अनुवाद की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। अनुवाद की परम्परा के अध्ययन से पता चलता है कि ईसा के तीन सौ वर्ष पूर्व रोमन लोगों का ग्रीक के लोगों से सम्पर्क हुआ जिसके फलस्वरूप ग्रीक से लैटिन में अनुवाद हुए। इसी प्रकार ग्यारहवीं, बारहवीं शताब्दी में स्पेन के लोग इस्लाम के सम्पर्क में आए और बड़े पैमाने पर योरपीय भाषाओं में अरबी का अनुवाद हुआ। भारत में भी विभिन्न जातियों एवं विश्वासों के लोग आए।
3. साहित्य के अध्ययन में अनुवाद की आवश्यकता
साहित्य के अध्ययन में अनुवाद का महत्व आज व्यापक हो गया है। साहित्य यदि जीवन और समाज के यथार्थ को प्रस्तुत करता है तो विभिन्न भाषाओं के साहित्य के सामूहिक अध्ययन से किसी भी समाज, देश या विश्व की चिन्तन-धारा एवं संस्कृति की जानकारी मिलती है। अनुवाद का महत्व निम्नलिखित साहित्यों के अध्ययन में सहायक है-
- भारतीय साहित्य का अध्ययन।
- अन्तर्राष्ट्रीय साहित्य का अध्ययन।
- तुलनात्मक साहित्य का अध्ययन।
भारतीय साहित्य के अध्ययन से यह पता चलता है कि विभिन्न साहित्यक, सांस्कृतिक एवं राजनैतिक आन्दोलनों में हिन्दी एवं हिन्दीतर भाषा के साहित्यकारों का स्वर प्राय: एक जैसा रहा है। मध्यकालीन भक्ति आन्दोलन, स्वतन्त्रता आन्दोलन तथा नक्सलबाड़ी आन्दोलनों को प्राय: सभी भारतीय भाषाओं के साहित्य में अभिव्यक्ति मिली है।
अन्तर्राष्ट्रीय साहित्य के अनुवाद से ही यह तथ्य प्रकाश में आया कि दुनिया के विभिन्न भाषाओं में लिखे गए साहित्य में ज्ञान का विपुल भण्डार छिपा हुआ है। भारत में अन्तर्राष्ट्रीय साहित्य का अनुवाद तो भारत में सूफियों के दार्शनिक सिद्धान्तों के प्रचलन के साथ ही शुरू हो गया था; किन्तु इसे व्यवस्थित स्वरूप आधुनिक युग में ही प्राप्त हुआ। शेक्सपियर, डी.एच. लॉरेंस, मोपासाँ तथा सार्त्र जैसे चिन्तकों की रचनाओं के अनुवाद से भारतीय जनमानस का साक्षात्कार हुआ एवं कालिदास, रवीन्द्रनाथ टैगोर एवं प्रेमचन्द की रचनाओं से विश्व प्रभावित हुआ।
दुनिया के विभिन्न भाषाओं के अनुवाद द्वारा ही तुलनात्मक साहित्य के अध्ययन में सहायता मिलती है। तुलनात्मक साहित्य द्वारा इस बात का पता लगाया जाता है कि देश, काल और समय की भिन्नता के बावजूद विभिन्न भाषाओं के रचनाकारों के साहित्य में साम्य और वैषम्य क्यों है ? अनुवाद के द्वारा ही जो तुलनीय है वह तुलनात्मक अध्ययन का विषय बनता है। प्रेमचन्द और गोर्की, निराला और इलियट तथा राजकमल चौधरी एवं मोपासाँ के साहित्य का तुलनात्मक अध्ययन अनुवाद के फलस्वरूप ही सम्भव हो सका।
4. व्यवसाय के रूप में अनुवाद की आवश्यकता
वर्तमान युग में अनुवाद ज्ञान की ऐसी शाखा के रूप में विकसित हुआ है जहाँ इज्जत, शोहरत एवं पैसा तीनों हैं। आज अनुवादक दूसरे दर्जे का साहित्यकार नहीं बल्कि उसकी अपनी मौलिक पहचान है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से हुए विकास के साथ भारतीय परिदृश्य में कृषि, उद्योग, चिकित्सा, अभियान्त्रिकी और व्यापार के क्षेत्र में क्रान्तिकारी परिवर्तन हुआ है। इन क्षेत्रों में प्रयुक्त तकनीकी शब्दावली का भारतीयकरण कर इन्हें लोकोन्मुख करने में अनुवाद की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
बीसवीं शताब्दी का उत्तरार्द्ध रोजगार के क्षेत्र में अनुवाद को महत्त्वपूर्ण पद पर आसीन करता है। संविधान में हिन्दी को राजभाषा का दर्जा दिए जाने के पश्चात् केन्द्र सरकार के कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों में राजभाषा प्रभाग की स्थापना हुई जहाँ अनुवाद कार्य में प्रशिक्षित हिन्दी अनुवादक एवं हिन्दी अधिकारी कार्य करते हैं। आज रोजगार के क्षेत्र में अनुवाद सबसे आगे है। प्रति सप्ताह अनुवाद से सम्बन्धित जितने पद यहाँ विज्ञापित होते हैं अन्य किसी भी क्षेत्र में नहीं।
5. नव्यतम ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्रों में अनुवाद की आवश्यकता
औद्योगीकरण एवं जनसंचार के माध्यमों में हुए अत्याधुनिक विकास ने विश्व की दिशा ही बदल दी है। औद्योगिक उत्पादन, वितरण तथा आर्थिक नियन्त्रण की विभिन्न प्रणालियों पर पूरे विश्व में अनुसंधान हो रहा है। नई खोज और नई तकनीक का विकास कर पूरे विश्व में औद्योगिक क्रान्ति मची हुई है। इस क्षेत्र में होने वाले अद्यतन विकास को विभिन्न भाषा-भाषी राष्ट्रों तक पहुँचाने में भाषा एवं अनुवाद की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
वैज्ञानिक अनुसंधानों को तीव्र गति से पूरे विश्व में पहुँचा देने का श्रेय नव्यतम विकसित जनसंचार के माध्यमों को है। आज विज्ञान, प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, कृषि तथा व्यवसाय आदि सभी क्षेत्रों में जो कुछ भी नया होता है वह कुछ ही पलों में टेलीफोन, टेलेक्स तथा फैक्स जैसी तकनीकों के माध्यम से पूरे विश्व में प्रचारित एवं प्रसारित हो जाता है। आज जनसंचार के माध्यमों में होने वाले विकास ने हिन्दी भाषा के प्रयुक्ति-क्षेत्रों को विस्तृत कर दिया है। विज्ञान, व्यवसाय, खेलकूद एवं विज्ञापनों की अपनी अलग शब्दावली हैं।
अनुवाद का महत्व
हमारे दैनिक जीवन में अनुवाद का बहुआयामी तथा विस्तृत महत्व है। अनुवाद आधुनिक युग की अनिवार्य आवश्यकता है। विश्व में अनेक भाषाएं तथा बोलियां बोली जाती हैं, ऐसी स्थिति में अनुवाद वैश्विक विचार-विमर्श की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हमारे राष्ट्र भारत की बात करें तो भी स्थिति काई अलग नहीं है। हमारी 22 मान्यता प्राप्त भाषाएं हैं इसे देखते हुए राष्ट्रीय एकता के लिए अनुवाद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
हिन्दी तथा अंग्रेजी संपर्क भाषा के रूप में सर्वाधिक उपयोग में लाई जाती हैं। विभिन्न टी वी चैनलों के कारण भारत में हिन्दी तथा अंग्रेजी को समझने, बोलने एवं लिख पाने वाले लोगों की संख्या में तीव्र बढ़ोतरी हो रही है। भारतीयों द्वारा विभिन्न देषों में जा कर व्यापार तथा जीवकोपार्जन करने के कारण भी हिन्दी तथा अंग्रेजी का प्रसार हो रहा है। आज अनुवाद का महत्व इसलिए भी ज्यादा हो गया है चूंकि शिक्षा का स्तर लगाातार बढ़ रहा है। जिससे मानव की आज की हिन्दी जिज्ञासु प्रवृति और अधिक बलवति हो रही है। आज मानव दूसरी भाषा एवं संस्कृति में उपलब्ध ज्ञान, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, साहित्यिक, वाणिज्यिक, धार्मिक आदि क्षेत्रों से संबंधित जानकारी पाना चाहता है।
अनुवाद ज्ञान के संचार हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज हम अनुदित फिल्में देखकर दूसरी संस्कृतियों के बारे में अधिक जानते हैं। हमारी विज्ञान की जानकारी में भी अनुवाद का महत्वपूर्ण भाग है, विज्ञान का सृजन अनेकों भाषाओं में हुआ और अनुवाद के कारण ही यह सर्वत्र उपलब्ध हैं। आजकल ओलंपिक खेल लंदन में चल रहे ंहैं, यह बड़ा आष्चर्यजनक लगता है की 190 राष्ट्रों के खिलाड़ी किस प्रकार विभिन्न भाषा-भाषी होने के बावजूद नियमों का पालन करते हुए विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं, निष्चय ही अनुवाद का महत्व इसमें परिलक्षित होता है।
इतिहास में अपने धर्म, मत, तथा संप्रदाय का प्रचार करने की दृष्टि भी अनुवाद का उपयोग किया गया। महान राजा अषोक (272-233 ई0 पू0) ने बौद्ध धर्म के प्रचार के लिए अफगानिस्तान, यूनान, सीरीया, मैसिडोनिया, पर्षिया, चीन, जापान, श्रीलंका तथा अन्य राष्ट्रों में अपने दूत भेजे। उन्होंने बौद्ध धर्म की प्रचार सामग्री का उन राष्ट्रों की भाषा में अनुवाद कर उसका प्रचार किया।
इस्लाम धर्म के प्रचारकों द्वारा भी विश्व के विभिन्न राष्ट्रों में अपने धर्म के प्रचार हेतु अनुवाद का सहारा लिया। आजकल पाश्चात्य राष्ट्र अपनी संस्कृति का प्रसार करने के लिए भी अनुवाद का सहारा ले रहे हैं। वे इलैक्ट्राॅनिक मीडिया तथा प्रिंट मीडिया में अपनी संस्कृति की खबरें विश्व की अन्य भाषाओं में प्रसारित करवा रहे हैं। उन्हें इसमें कामयाबी भी मिल रही है, दूसरी संस्कृतियों में घुलने-मिलने के लिए अनुवाद का सहारा लेना ही पड़ता है। भारतीय लोगों द्वारा विश्व के लगभग सभी राष्ट्रों में काम-धन्धों की तलाश में जाने से हिन्दी समझने वालों की संख्या बढ़ी है। हिन्दी अब केवल भारतीय उपमहाद्वीप तक सीमित नही है अपितु विश्व की चुनिंदा भाषाओं में शुमार है। विश्व की कुल जनसंख्या के अनुपात में छठवें हिस्से की आबादी हिन्दी समझ तथा बोल सकती है, परंतु हिन्दी लिख पाने वाले लोगों की संख्या इतनी नहीं है।
अनुवाद करते समय अर्थ का अनर्थ न हो यह भी महत्वपूर्ण है। सही और सार्थक अनुवाद के लिए अनुवादक को दोनों भाषाओं का ज्ञान अति-आवश्यक है। अनुवादक को श्रोता या पाठक की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने अनुवाद को प्रस्तुत करना चाहिए। अनुवाद की प्रकृति विषय पर भी निर्भर करती है। शिक्षा, व्यवसाय, विज्ञान, साहित्य, अध्यातम, राजनीती इत्यादि क्षेत्रों में अनुवाद अपनी-अपनी विशिष्ठ शैली में करना पड़ता है। शब्दों के अर्थ भी परिस्थिति तथा प्रसंग के अनुसार भिन्न हो सकते हैं, अनुवादक को इसका भी ध्यान रखना आवश्यक है। इसे देखते हुए कहा जा सकता है कि अनुवाद विज्ञान भी है तथा कला भी।
21वीं सदी में अनुवाद की महत्ता
21वीं शताब्दी के मौजूदा दौर में अनुवाद एक अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। भारत जैसे बहुभाषा-भाषी देश के जन-समुदायों के बीच अंत:संप्रेषण के संवाहक के रूप में अनुवाद का बहुआयामी प्रयोजन सर्वविदित है। यदि आज के इस युग को ‘अनुवाद का युग’ कहा जाए तो कोई अतिशयोक्ति न होगी, क्योंकि आज जीवन के हर क्षेत्र में अनुवाद की उपादेयता को सहज ही सिद्ध किया जा सकता है। धर्म-दर्शन, साहित्य-शिक्षा, विज्ञान-तकनीकी, वाणिज्य व्यवसाय, राजनीति-कूटनीति, आदि सभी क्षेत्रों से अनुवाद का अभिन्न संबंध रहा है। अत: चिंतन और व्यवहार के प्रत्येक स्तर पर आज मनुष्य अनुवाद पर आश्रित है। इतना ही नहीं विश्व-संस्कृति के विकास में भी अनुवाद की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है।
हिन्दी अब बाजार-तंत्र की, व्यवसाय-व्यापार की, संचार-तंत्र की तथा शासकीय व्यवस्था की भाषा बन रही है। हिन्दी भाषा में और हिन्दी भाषा से अनुवाद की परम्परा अब सुदीर्घ होने के साथ-साथ पुख्ता और उल्लेखनीय भी होती जा रही है। लोठार लुत्से की बात पर गोर करें तो हमें हिन्दी, मराठी, बांग्ला, तमिल, तेलुगू या कन्नड़ लेखकों को उनकी भाषा के नहीं, भारतीय लेखक के रूप में देखना चाहिए। तभी भारतीय भाषाएँ भारत में और फिर विश्व में प्रतिष्ठा प्राप्त करेंगी। ओड़िआ का लेखक सारे ओड़िशा में प्रतिष्ठा प्राप्त कर ले तो यह कोई छोटी बात नहीं होगी, लेकिन ओड़िआ का लेखक पूरे भारत में प्रतिष्ठा हासिल करें तो यह उससे भी बड़ी बात होगी और उसके लिए चुनौती भी। और जो लेखक इस चुनौती को स्वीकार कर उसमें खरे उतरते हैं, वे सचमुच बड़े, बहुत बड़े लेखक सिद्ध होते हैं। इसके लिए जरूरी है कि भारतीय भाषाओं में अनुवाद की प्रक्रिया को तेज किया जाए। अनुवाद के बिना हमारा कोई भी लेखक यूरोप-अमेरिका तो दूर अपने ही देश में भारतीय लेखक के रूप में प्रतिष्ठित नहीं हो सकता।
अनुवाद आज के व्यावसायिक युग की अपेक्षा ही नहीं अनिवार्यता भी बन गया है। यह एक सेतु है। सांस्कृतिक सेतु। सांस्कृतिक एकता, परस्पर आदान-प्रदान तथा ‘विश्वकुटुम्बकम्’ के स्वप्न को साकार करने की दृष्टि से अनुवाद की भूमिका उल्लेखनीय रही है। इस प्रकार वर्तमान युग में अनुवाद की महत्ता और उपयोगिता केवाल भाषा और साहित्य तक ही सीमित नहीं है, वह हमारी सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और राष्ट्रीय संहति और ऐक्य का माध्यम है जो भाषायी सीमाओं को पार करके भारतीय चिन्तन और साहित्य की सर्जनात्मक चेतना की समरूपता के साथ-साथ, वर्तमान तकनीकी और वैज्ञानिक युग की अपेक्षाओं की पूर्तिकर हमारे ज्ञान-विज्ञान के आयामों को देश-विदेश में संपृक्त करती है।
आज जब सारा विश्व सामाजिक पुनव्र्यवस्था पर एक नये सिरे से विचार कर रहा है और व्यक्ति तथा समाज को एक नव्य स्वतंत्र दृष्टि मिली है वहीं हम भी व्यक्ति और देश को विश्व के परिप्रेक्ष्य में देखने-समझने का प्रयत्न कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में अनुवाद का महत्व और भी बढ़ जाता है। किसी समाज और देश की अभिव्यक्ति भाषा की सीमा के कारण एक क्षेत्र विशेष तक ही सीमित रह जाए और दूसरों तक न पहुँच पाए तो विश्व स्तर पर एक नव्य सामाजिक पुनव्र्यवस्था की बात सार्थक कैसे हो सकती है!