राजा राममोहन राय का जन्म 1774 ई. में बंगाल में हुआ था। उन्होंने अरबी, फारसी, संस्कृत के अलावा अंग्रेजी, फ्रेंच, ग्रीक, लैटिन,जर्मन और हिबू भाषाऐं भी सीखी। राजा राममोहन का जब जन्म हुआ तब बंगाल आर्थिक, सामाजिक, और सांस्कृतिक दृष्टि से आडंबरों से ग्रसित था। हिन्दू धर्म के प्रमुख ग्रंथों का उन्होंने अध्ययन किया और भारत को पतन के गर्त से निकालने के लिये वे प्रयत्नशील हो गये। समाज में व्याप्त बुराईयों के कारणों पर उन्होंने गहन चिंतन किया और उसे दूर करने का बीडा उठा लिया।
राजा राममोहनराय ने समाज में फैली कुरीतियों और आडंबरों का विरोध करते हुए जाति प्रथा, सती प्रथा और विधवा विवाह जैसे कार्यो में सामाजिक सुधार करने का प्रयास किया। वे स्त्रियों के अधिकार के समर्थक थे। आधुनिक और अंग्रेजी शिक्षा के प्रसार के लिये उन्होंने 1817 में कलकत्ता में एक इंग्लिश स्कूल चलाया । 1811 ई. में उनके बडे भाई की मृत्यु हो जाने के कारण उनकी भाभी को सती प्रथा की धधकती ज्वाला में भेट होना था। इस स्थिति को देखकर वे सती प्रथा के कट्टर विरोधी हो गये थे। इस संबंध में यह उल्लेख प्राप्त होता है कि -’’राजा रामामोहन राय ने 1818 में दो व्यक्तियों सती प्रथा के समर्थक तथा विरोधी के मध्य एक वार्तालाप प्रकाशित किया जिसमें स्त्री जाति के पक्ष में तर्क देते हुए मानवता के आधार पर लोगों से अपील की गई कि उन्हें जीवित जलाया जाना अनुचित है।’’ गृह सरकार से अनुमति प्राप्त होने पर 1829 ई. को बंगाल में सतीप्रथा को आत्महत्या के समान अपराध घोषित किया। इस कानून के तहत सती होने वाली स्त्री और उसको सहयोग देने वाले व्यक्तियों के लिये दण्ड का प्रावधान किया गया।
राजा मोहनराय ने जात-पांत के भेदभाव को दूर करने, आधुनिक और अंग्रेजी शिक्षा के प्रसार करने के लिये – 1825 ई. में वेदांत कालेज मे सामाजिक और भौतिक विज्ञानों की पढाई की व्यवस्था की । समाचार पत्रों की स्वतंत्रता के लिये भी उन्होंने 1833 ई. में एक आन्दोलन किया।
राजा राममोहन राय द्वारा किये गये सामाजिक और धार्मिक सुधारों का मूल्यांकन करते हुए ताराचंद के शब्दों में यह कहना उचित प्रतीत होता है कि -‘‘ राममोहन ने यह समझ लिया कि स्वतंत्रता, समानता और भ्रातृत्व के सिद्धान्त पर आधारित लोकतांत्रिक समाज तभी बन सकता है कि जब जात-पांत का अंत कर दिया जाए। उन्होंने लिखा जांत-पांत के भेदभाव से हिन्दू समाज के असंख्य टुकड़े पैदा हुए है। इससे हिन्दू, देश भक्ति की भावना से वंचित हो गए है। हम लोग लगभग 9 शताब्दियों से पराधीनता के शिकार रहे हैं और इसका कारण यह रहा है कि हम जांत पांत में बटें हैं जो हममें आपसी एकता के अभाव का कारण रहा है।’’
