अनुक्रम
निकोलस प्रथम की गृह नीति
निकोलस ने अपने शासन काल मे केन्द्रीयकरण और रूसीकरण की नीति अपनाई। उदारवादियों व क्रान्तिकारियों के दमन के लिए पुलिस और गुप्तचर विभाग को मजबूत किया। गुप्तचरों का जाल फैलाया गया, संदिग्ध गतिविधियों में लगे लोगों को गिरफ्तार करने का आदेश था। प्रो. लिप्सन के अनुसार “रूसी गुप्तचर संस्था स्पेन के इक्वीजिशन से बढ़कर शायद न हो लेकिन उसके बराबर तो थी।” (यूरोप इन नाइटिंथ एंड ट्वेन्थीथ सेंचुरी- पृ. 87) 1832 से 1852 ई. के मध्य विद्रोही स्वभाव के डेढ़ लाख रूसी देश से निष्कासित किए गये। गणतंत्रवादियों से रूस को बचाने लिए यह करना जार के लिए आवश्यक था।
प्रगतिशील विचारों के रूस में प्रवेश को रोका गया। सीमा पर चौकियाँ बढ़ाई गई। पश्चिमी राजनीतिक व दार्शनिक साहित्य रूस में प्रवेश नहीं कर सकता था। सरकारी अनुमति के बिना विदेश यात्रा नहीं हो सकती थी। समाचार पत्रों पर सेंसर लगाया गया।
विधि संहिता का संकलन
निकोलस प्रथम की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में विधि संहिता का संकलन को प्रस्तुत किया जाता है। दिसम्बर वादियों के असफल विद्रोह ने जार को महसूस कराया कि विद्यमान प्रशासन में कुछ न कुछ खामियां हैं, जिन्हें दूर करना है। दिसम्बर वादियों की दृष्टि में रूस में विधियों की किसी पद्धति का न होना एक दोष था। इस दोष के कारण रूसी न्यायालयों की प्रक्रिया पर भी प्रश्न उठता था।
जार निकोलस ने विधियों के संग्रह के लिए एक समिति का गठन किया। महान राज मर्मज्ञ व विधि के नेता स्पेशन्स्की को यह कार्य सौंपा गया। जार अलेक्सिस की सन 1649 की संहिता से लेकर निकोलस प्रथम के राज्याभिषेक तक की अवधि तक के विधियों का संग्रह किया गया 42 खंडों में इसे प्रकाशित किया गया। सन 1832 ई में एक व्यवस्थित रूसी साम्राज्य विधि संहिता प्रकाशित की गई।
कृषि दासों व कृषकों की दशा सुधारने के प्रयत्न
दिसम्बरवादियों से पूछताछ करने पर यह पता चला कि रूसी जीवन में कृषक दास प्रथा का गंभीर दोष है। जार अलेक्जेंडर प्रथम ने इस दिशा में कार्य प्रांरभ किया था। निकोलस यह मानता था कि कुलीनवर्ग के विरुद्ध संघर्ष में कृषक एक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं। कृषक दास प्रथा को सीमित करने के लिए निकोलस ने अनेक सुधार किए। भूमि से संबधित कृषकों संबधी विधि का 1842 ई में घोषणा की गई। यह अपेक्षा की गई कि भू-स्वामी कृषकों के कर्तव्य निर्धारित करें। दुर्भाग्यवश यह अनिवार्य नहीं किया गया। रूस के जिलों में ही कृषक दास श्रमिकों के संबध में उत्तरदायित्व निश्चित करने का प्रयास किया गया।
आर्थिक सुधार
दिसम्बरवादियों ने रूसी शासन व्यवस्था में जो दोष बतलाये उनमें से एक वित्त व्यवस्था संबंधी संभ्रांति भी थी। पूर्ववर्ती जार अलेक्जेंडर प्रथम के दीर्धकालीन युद्धों के फलस्वरूप रूबल का अवमूल्यन हुआ थां वित्त मंत्री के रूप में क्रान्किन ने कागजी मुद्रा का मूल्य 3.5:1 पर स्थिर कर दिया। इसके पश्चात नई कागजी मुद्रा प्रारंभ की गई जो स्वर्ण संचिति द्वारा समर्थित थी। जार निकोलस रूसी उद्योगों को बढ़ाना चाहता था। वित्त मंत्री ने इस दिशा में कार्यवाही की। 1853 ई तक रूस का विदेश व्यापार पिछले वर्षो की तुलना में दुगुना हो गया। रेल लाइनों का निर्माण रूस में किया गया। वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई। मशीनों का प्रयोग विभिन्न उद्योगों में जिस गति से बढ़नी थी वैसी बढ़ी नहीं।
साहित्य, शिक्षा क्षेत्र में प्रगति
निकोलस रूसवादी था। अत: रूसी साहित्य के संवर्धन के लिए उसने प्रयास किया। पुश्कीन, गोगोल, लार्मान्तान, दोस्तविस्की, तुर्गनेव आदि प्रसिद्ध रूसी लेखक हुए। साहित्यिक पत्रिकाओं की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई। शिक्षामंत्री काउंट उवरोव ने रूसी भाषा में इतिहास, भूगोल व पुरातत्व के मौलिक ग्रंथों का प्रकाशन कराया। सरकारी प्राध्यापक ही देश के विश्वविद्यालयों में अध्यापन के लिए नियुक्त किए गये।
निकोलस प्रथम की विदेश नीति
यूरोप मे तुर्की मुस्लिम राष्ट्र था। सन 1453 ई में मोहम्मद द्वितीय ने रोमन साम्राज्य की राजधानी कुस्तुनतुनिया पर अधिकार कर लिया। बालकमन प्राय: द्वीप के अधिकांश भाग तुर्की के अधिकार में थे। तुर्की (टर्की) साम्राज्य की सीमा पश्चिम में जर्मन राज्य की सीमा से आ लगी थी। टर्की के विशाल साम्राज्य के विभिन्न भागों में गवर्नर शासन करते थे जो पाशा कहलाते थे। ये पाशा तुर्की सम्राट के कमजोर होने पर स्वतंत्र थे। आस्ट्रिया ने 1683 ई में तुर्की के आक्रमण को विफल कर यूरोपीय राष्ट्रों को तुर्की के आक्रमण के भय से मुक्त किया।
यूनान की स्वतंत्रता
जार अलेक्जेंडर के काल में यूनान ने टर्की के विरुद्ध विद्रोह किया था। टर्की सुल्तान ने क्रोध में आकर हजारों यूनानी विद्राहियों को मार डाला था। समस्त यूरोप की सहानुभूति यूनान के साथ थी। मेटरनिख के क्रान्ति विरोधी होने के कारण यूरोप के शासक यूनानी स्वतंत्रता संग्राम के प्रति उदासीन रहे।
मिश्र के टर्की गवर्नर मोहम्मद अली ने अपने पुत्र इब्राहिम को एक विशाल सेना के साथ यूनानियों के दमन के लिए भेजा। इस सेना ने त्राहि मचा दी। 1826 ई. में उसने विद्रोहियों को परास्त कर मिसोलोंधी पर अधिकार कर लिया। एथेन्स भी जीत लिया गया।
रूस का जार निकोलस शांत बैठने वाला नहीं था। उसने यूनानियों को सहायता देने का निश्चिय किया। 1827 में रूस, ब्रिटेन तथा फ्रांस के बीच लंदन मे संधि हुई। टर्की के सुल्तान से यूनान को स्वतंत्र करने का अनुरोध किया गया। न मानने पर मित्रराष्ट्रों ने यूनानियों की सहायता के लिए नौसेना भेजी। 1827 ई में नेवेरिनो नामक स्थान पर टर्की का नोसैना परास्त हुआ। ब्रिटेन युद्ध से अलग हो गया। रूस ने युद्ध जारी रखा और कस्तुनतुनिया तक पहुंच गया एड्रियानोपेल की संधि से शांति हुई। तुर्की साम्राज्य के पतन में इस संधि का महत्वपूर्ण स्थान है। यूनानियों को स्वतंत्रता दी गई। सर्बिया, माल्डेनिया, वेलेखिया, को स्वतंत्र शासन दिया गया।
रूस की टर्की के प्रति नीति बदलती रहती थी, मगर हमेशा उसका लक्ष्य टर्की के प्रदेश की प्राप्ति रहती थी। अपने ही गवर्नर मिश्र के पाशा से पराजित होकर टर्की के सुल्तान ने यूरोपीय शक्तियों से सहायता मांगी। रूस ने सहायता दी। ब्रिटेन, फ्रांस, आस्ट्रिया ने मोहम्मद अली का साथ दिया। तुर्की सुल्तान को अपने साम्राज्य से सिरिया, पेलेस्टाइन, दमिश्क, एलप्पो और अदन पर मोहम्मद अली का अधिपत्य स्वीकार करना पड़ा।
रूस ने सहायता की कीमत मांगी। तुर्की सुलतान से उनिकयार स्केलेसी की संधि 8 जुलाई 1833 ई को हुई। तुर्की ने रूस को बासफोरस और डर्डानेल्स के जल डमरू मध्य तक अपने जहाज ले जाने का अधिकार दिया। रूस ने संकट के समय तुर्की केा सहायता का वचन दिया। अब तुर्की पर रूस का प्रभाव बढ़ने लगा। इंग्लैंड और फ्रांस को यह सह्य नहीं था। मोहम्मद अली की बढ़ती शक्ति और महत्वाकांक्षा से रूस और ब्रिटेन चिंतित हुए। ब्रिटेन के लिए तुर्की पर रूसी प्रभाव और मिश्र पर फ्रांसीसी प्रभाव सह्य नहीं था। तुर्की को अधिक कमजोर भी होने नहीं देना चाहता था।
जार निकोलस ने समयोचित निर्णय लिया और ब्रिटेन के साथ 15 जुलाई 1840 को लंदन की संधि की। प्रशा, रूस, अस्ट्रिया, इंग्लैण्ड ने इस पर हस्ताक्षर किए। ब्रिटेन की यह कूटनीतिक विजय थी। फ्रांस के विरुद्ध संयुक्त मोर्चा भी बना और रूस को तुर्की में अधिक अधिकार भी नहीं दिए। मोहम्मद अली को पाशा पद वंशानुगत दिया गया और वह फ्रांस की चंगुल से मुक्त कराया गया। रूस के बासफोरस और डार्डानेल्स जल डमरू मध्य तक जहाज ले जाने का अधिकार समाप्त किया गया। रूस की तुर्की पर से संरक्षता भी नष्ट हो गई। जार निकोलस युद्ध के मैदान में जो जीता था उसे संधि के टेबल पर हार गया। उसका पाला ब्रिटेश मंत्री पामस्र्टन से पड़ा था जो समकालीन यूरोप का सर्वश्रेष्ठ कूटनीतिज्ञ था।
रूस के जार निकोलस के लिए तुर्की एक असाध्य रोगी के समान था जो किसी समय काल के गाल में समा सकता था। सन 1844 ई में जार ने तुर्की के बंटवारे के संबंध मे ब्रिटेन से बात की। ब्रिटेन रूस को एशिया में अपना सबसे बड़ा प्रतिद्वंदी समझता था, इसलिए कस्तुनतुनिया में रूस का प्रभाव नहीं बढ़ने देना चाहता था। सन 1853 ई में जार ने पुन: तुर्की के बंटवारे का प्रस्ताव रखा परन्तु ब्रिटेन ने ठुकरा दिया। वास्तव में ब्रिटेन तुर्की के अस्तित्व एवं स्वतंत्रता की रक्षा करना चाहता था। रूसी महत्वाकांक्षा को रोकने का यह सही उपाय भी था।
क्रीमिया का युद्ध 1853 ई. –
जार तुर्की से उलझने के लिये बहाना ढूंढ़ रहा था। जेरूसलेम का तीर्थ रोमन चर्च या यूनानी चर्च के अधिकार में रहे इस पर पादरियों मे विवाद हो गया। फ्रांस ने रोमन चर्च का और रूस ने यूनानी चर्च का पक्ष लिया। रूस, तुर्की के सुलतान की समस्त ईसाई प्रजा की संरक्षता की मांग कर रहा था। हेजन के अनुसार -”यदि यह मांग स्वीकार कर ली गई होती तो इसका अर्थ होता कि तुर्की के आंतरिक मामलों मे रूस को सदा हस्ताक्षेप करने का अधिकार प्राप्त हो जाता और अंत में तुर्की रूस का एक प्रकार का अधीन देश बन जाता।” (आधुनिक यूरोप का इतिहास पृ. 412)
1853 ई में रूस और तुर्की के मध्य युद्ध प्रारंभ हो गया। जार निकोलस प्रथम ने आशा की थी कि यह युद्ध कुछ दिनों तक सीमित रहेगा। उसकी यह आशा भ्रमात्मक सिद्ध हुई। इंग्लैण्ड और फ्रांस तथा तुर्की के स्थान पर तुर्की, ब्रिटेन, फ्रांस व पीडमेंट को पाया – हेजन के अनुसार “इंग्लैण्ड युद्ध में इसलिये सम्मिलित हुआ कि वह आक्रमण तथा विस्तारवादी रूस से भारत के मार्ग के विषय में भयभीत था। फ्रांस नेपोलियन प्रथम के मास्को अभियान का बदला लेना चाहता था।”
पेरिस की संधि
30 मार्च 1856 ई. को पेरिस की संधि द्वारा शांति स्थापित हुई। शर्तें थीं –
- काले सागर की तटस्थता बनाए रखा गया। युद्धपोतों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया। इसके किनारे अस्त्रागार नहीं बनाया जावेगा।
- प्रत्येक राष्ट्र के व्यापारिक जहाज यहां जा सकेंगे।
- मोल्डेविया और वेलेशिया पर से रूसी संरक्षण समाप्त किया गया। तुर्की सुलतान की संप्रभुता के अंतर्गत ये स्वतंत्र घोषित किए गये।
- तुर्की को यूरोपीय राज्यों के परिवार में सम्मिलित कर लिया गया। इस परिवार से अब तक उसे असभ्य राष्ट्र कहकर बाहर रखा गया था। तुर्की के आंतरिक मामलों मे हस्तक्षेप न करने का वचन यूरोपीय राष्ट्रों ने दिया।
मैरियट के अनुुसार – “पूर्वकालीन घटनाओं पर विचार करने वाले आलोचकों का यह मत रहा है कि क्रीमिया युद्ध यदि एक अपराध नहीं था तो कम से कम भारी भूल अवश्य था और इसको टालना चाहिए था और यह टाला जा सकता था।”¦(वाटरलू के पश्चात इंग्लैण्ड- पृ. 260)
एक महान कूटनीतिज्ञ ने अपना सोचा विचारा मत सुसाहित्यिक शब्दों में व्यक्त किया – “क्रीमिया के युद्ध में इग्लैण्ड ने अपना दांव उचित घोड़े पर नहीं लगाया था।” मैरियट – “धीरे धीरे इग्लैण्ड ने उचित अथवा अनुचित यह धारणा बनाई कि तुर्की का मामला यूरोप के लिए महत्वपूर्ण था और उसके लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण था कि जार शक्ति के द्वारा अपनी मांगों को प्रस्तुत करने के लिए कृतसंकल्प था और केवल शक्ति के द्वारा ही उसकी सेनायें खदेड़ी जा सकती थी। क्रीमिया का युद्ध इस धारणा का तर्क सम्मत एवं अनिवार्य परिणाम था।” (वाटरलू के पश्चात इग्लैण्ड- पृ. 216)
हेजन – “क्रीमिया युद्ध के द्वारा पश्चिमी यूरोप की ईसाई शक्तियों ने तुर्की को सहायता देकर नष्ट होने से बचाया। क्योंकि वे कस्तुनतुनिया पर रूस का अधिपत्य नहीं होने देना चाहती थी। पूर्वी प्रश्न का हल के रूप में यह युद्ध पूर्ण असफल रहा। अपनी ईसाई प्रजा की दशा सुधारने के लिए दिया हुआ तुर्की सुल्तान का वचन कभी पूरा नहीं किया गया। उसकी दशा और बिगड़ गई।